सोनभद्र (वैनी)। रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी गांव में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बोलरो गड्ढे में जाने के बाद पास के मकान से टकराई गई। हादसे में बोलरो सवार आठ लोग घायल हो गए। सीएसी वैनी में प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सुबह करीब पौने आठ बजे जिले से सटे बिहार के गुप्ताधाम से बाबा भोलेनाथ का पूजन अर्चन कर आठ श्रद्धालु बोलेरो से राबर्ट्सगंज की ओर वापस आ रहे थे। अभी वैनी गांव के समीप खलियारी-बर्दिया मार्ग पर बोलरो पहुंची थी कि एक मवेशी को बचाने के चक्कर में सड़क के किनारे गड्ढे में कूदते हुए मकान के बुनियाद से टकरा गई। दुर्घटना में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अमौलिया गांव निवासी बोलरो का चालक राजू मौर्या (28), आशुतोष (23) और विधान (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बहादुर मौर्या, रामनरेश, तेज प्रताप, सन्नी, सुनील को हल्की चोटें आई। घायलों की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के साथ ही उनकी मदद करने में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उधर घटना की सूचना मिलते ही घायलों के घरवाले भी पहुंच गए।