अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना के मुख्य द्वारा पर बुधवार की सायं संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने एक आम सभा कर 8 व 9 जनवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने पर जोर दिया।
सभा को सम्बोधित करते हुए अभियन्ता संघ के प्रांतीय अध्यक्ष इं जी के मिश्रा ने कहा कि यदि मांगे नहीं मानी गयी तो हड़ताल तय है। उन्होंने मांगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बिजली निगमों का एकीकरण कर उप्र राज्य विद्युत परिषद निगम लि. का पुर्नगठन की जाए, इलेक्ट्रिीसिटी एमेंडमेंट बिल 2018 को वापस लिया जाये, आगरा फ्रेंचाईजी तथा ग्रेटर नोएडा का बिजली का निजीकरण निरस्त किया जाये, सरकारी क्षेत्र के ताप बिजली घरों का नवीनीकरण व उच्चीकरण करना और निजी घरानों से मंहगी बिजली खरीदने हेतु सरकारी क्षेत्र के बिजली घरों के बन्द करने की नीति को वापस लिया जाये। बिजली कर्मियों की वेतन विसंगतियों का द्विपक्षीय वार्ता कराकर तत्काल समाधान किया जाये, वर्ष 2000 के बाद भर्ती हुए सभी कार्मिकों के लिए पुरानी पेन्शन प्रणाली लागू किया जाये।
सभी श्रेणी के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करना और संविदा व ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर संविदा कर्मियों को तेलंगाना सरकार के आदेश की तरह नियमित किया जाये। मांगे न माने जाने पर 8 व 9 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल व कार्य बहिष्कार की जायेगी। इस दौरान विद्युत कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष सदरुद्दीन राणा,दीपक श्रीवास्तव, अजय मौर्या, सुशील कुमार श्रीवास्तव,विसम्भर सिंह, शारदा प्रसाद, विवेक कुमार सिंह,राकेश वर्मा, रविन्द्र कुमार जायसवाल, इंद्रकुमार आदि मौजूद थे।