शक्तिनगर। एनसीएल निगाही क्षेत्र के आवासीय परिसर में कई सालों से कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ अभियान चला कर 26 आवासों को खाली करा दिया गया। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई।
एनसीएल में नए कर्मियों की संख्या बढने के बाद आवासों की समस्या पैदा हो गई है। दूसरे तरफ कई सौ लोग अलग-अलग कोयला परियोजनाओं के आवासों में काबिज है। कब्जा को खाली कराने के लिए एनसीएल निगाही क्षेत्र ने बड़ा कदम उठाया। चेतावनी व नोटिस के बाद भी आवासों को खाली नहीं करने वालों के सामान सुरक्षा कर्मियों ने बाहर कर दिया। अभियान में 26 एलसीएच टाइप आवासों को खाली करा दिया गया। एनसीएल प्रबंधन ने इस कार्रवाई को अतिक्रमण के विरूद्ध अब तक की सबसे बड़ा अभियान बताया। निगाही क्षेत्र के महाप्रबंधक चंचल गोस्वामी ने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल एलसीएच श्रेणी के आवास पूरी तरह कब्जा मुक्त हो चुके हैं।