अनपरा। एनसीएल की वार्षिक अंतर क्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हुई। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन कंपनी के कृष्णशिला क्षेत्र में किया गया, जिसमें कंपनी के कर्मचारियों ने शानदार प्रस्तुतियों के जरिये अपनी मेधा का लोहा मनवाया।
मुख्य अतिथि निदेशक तकनीकी/संचालन गुणाधर पांडेय व विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक एएन पांडेय, बीना महाप्रबंधक राजेंद्र राय, सर्वेश सिंह, बीएमएस के महामंत्री अरुण कुमार यादव तथा एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य शिवमुनि सिंह व खुशाल सिंह मौजूद थे। मुख्य अतिथि ने कहा कि एनसीएल में रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। प्रतियोगिता में उच्च कोटि की रचनात्मक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यह जाहिर हुआ है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कंपनी अपने मेधावी कर्मचारियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए मंच प्रदान करेगी। प्रतियोगिता में भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाली शास्त्रीय संगीत, कत्थक, भरतनाट्यम, लोक संगीत, कव्वाली, भजन, गजल, आर्केस्ट्रा, तबला, बांसुरी, सिंथेसाइजर और हास्य प्रहसन की कुल 29 स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इसके बाद सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। कृष्णशिला क्षेत्र के महाप्रबंधक एएन पांडेय ने अतिथियों का स्वागत और परियोजना अधिकारी सीएस तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।