अनपरा। जिला संविदा संयुक्त संघर्ष समिति की एक बैठक शनिवार को काशी मोड़ स्थित संगठन कार्यालय पर आयोजित की गयी जिसमें श्रम कानून के पालन पर विचार-विमर्श किया गया।
ं बैठक को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा श्रम कानूनों को लागू करने के लिए दिये गये आदेश के बाद भी अनपरा, ओबरा प्रबंधन द्वारा कोई कदम नहीं उठाये जाने पर श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त है। सुरेन्द्र पाल ने कहा कि निर्धारित समय सीमा अब करीब आ गई है। परन्तु अनपरा व ओबरा प्रबंधन द्वारा मजदूरों के बकाया छह माह के वेतन भुगतान के लिए पहल नहीं की गयी। जबकि नियमानुसार हर माह की 10 तारीख से पहले श्रमिकों का वेतन भुगतान हो जाना चाहिए। अभी भी मजदूरों को 160 रुपये प्रतिदिन के दर से भुगतान किया जा रहा है। सुरक्षा उपकरण विहिन मजदूर अपने जिंदगी को दाव पर लगाकर कार्य कर रहे है। मजदूर नेता केदार सिंह और संजय शर्मा ने कहा कि औद्योगिक इकाईयों में श्रम कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा है। जिससे श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रबंधन को आगाह करते हुए कहा कि श्रम कानूनों को लागू करे नहीं तो श्रमिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर मुन्ना मलिक, ओम प्रकाश सिंह, तुलसी, राम केवल, मुस्ताक अहमद, सुनील, मनोज गुप्ता, बाबूलाल गुप्ता, रामअशीष सिंह, रोहित कुशवाहा, संतोष कुमार, गोविंदा राम आदि मौजूद थे।