सोनभद्र। जनपद के राबर्ट्सगंज ब्लॉक के प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि निर्धारित होने के बाद एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चार जनवरी को ब्लॉक सभागार में सदर एसडीएम विशाल यादव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अविश्वास पर चर्चा होगी।
राबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र में कुल 148 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित ब्लॉक प्रमुख की सीट पर फिलहाल पंकज पटेल काबिज हैं। जब ब्लॉक प्रमुखी का चुनाव हुआ था तब उन्हें सौ से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन प्राप्त था। लेकिन पिछले माह मनमानी का आरोप लगाकर सदस्यों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी, जिस पर डीएम ने चार जनवरी को चर्चा की तिथि तय की है। इसी के साथ सदस्यों में जोड़तोड़ भी शुरू हो गया है। गौरतलब है कि इसके पूर्व चतरा ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी लेकिन उनकी कुर्सी बच गई थी।