सोनभद्र। जनपद की तीनों तहसीलों रॉबर्ट्सगंज, घोरावल एवं दुद्धी में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के तीसरे दिन मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए 36ं और सदस्य पद के लिए 145 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। घोरावल नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं लिया गया। सदस्य पद के लिए करीब 12 ने नामाकंन पत्र दाखिल किया।
जनपद की एक नगर पालिका और सात नगर पंचायतों में चुनाव कराने के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राबटर्सगंज तहसील में निर्वाचन अधिकारी/एडीएम न्यायिक कुंवर बहादुर सिंह से नगर पालिका राबर्ट्सगंज अध्यक्ष पद के लिए दस ने नामांकन पत्र लिया। चुर्क-नगर पंचायत के निर्वाचन अधिकारी/व्यापार कर के ज्वाइंट कमिश्नर राममिलन ने अध्यक्ष पद के लिए तीन, चोपन के आरओ/व्यापार कर के डिप्टी कमिश्नर राकेश सिंह ने भी अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्रों का विक्रय किया। ओबरा के निर्वाचन अधिकारी/डीडीओ सुनील श्रीवास्तव से दो लोगों ने नामांकन पत्र लिया। अध्यक्ष पद के लिए किसी प्रत्याशी पर्चा दाखिल नहीं किया। वहीं, राबर्ट्सगंज नपा, नपं चुर्क-गुर्मा, चोपन और ओबरा के सदस्य पद के लिए कई ने नामांकन किया। सुरक्षा के मद्देनजर तहसीहल परिसर मेें फोर्स तैनात रही। सदर एसडीएम विशाल यादव, सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी और कोतवाल राजीव मिश्रा भ्रमण करते रहे।
घोरावल: तहसील में निर्वाचन अधिकारी राह दिखते रहे, लेकिन घोरावल नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र लेने कोई नहीं पहुंचा। तीसरे दिन भी अध्यक्ष के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन भी नहीं किया। दुद्धी: तहसील में पिपरी नगर पंचायत सभासद के लिए 27 फार्मों की बिक्री हुई। आरओ हेमंत वर्मा ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष पिपरी के लिए कुबेर नाथ सिंह, रश्मि देवी ने अध्यक्ष नामांकन पत्र खरीदा। रेणुकूट के आरओ आरवीएस यादव ने बताया कि रेणुकूट में नगर पंचायत अध्यक्ष पद लिए फूलमती देवी, शिवप्रताप सिंह, निशा देवी ने दो-दो सेट में फार्म क्रय किया। एनबी सिंह आरओ रेनुकूट ने बताया कि सभासद पद के लिए 17 फार्म बिके। दुद्धी के आरओ सत्यप्रिय ने बताया कि जितेंद्र, अवधेश, भगवान ने एक-एक सेट फार्म खरीदे, सुनीता देवी, कमल कुमार कानू, अनिल जायसवाल ने दो-दो सेट फार्म लिया। सभासद के आरओ दुद्धी प्रमोद कुमार ने बताया कि सभासद पद हेतु 29 फार्म बिका है।
------------------
इनसेट
सिंबल के लिए मार रहे हाथ पांव
सोनभद्र। भाजपा, कांग्रेस, बसपा समेत अन्य राजनैतिक दलों ने अभी तक चुनाव मैदान में प्रत्याशियों को नहीं उतारा है। वहीं सपा ने अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। राजनैतिक पार्टियों से टिकट पाने के लिए अध्यक्ष और सदस्य बनने की चाहत रखने वालों ने सिंबल पाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। देर रात तक नेताओं के यहां दरबार लग रहा है। नेता भी सभी को टिकट देने का आश्वासन दे रहे है। हालांकि वक्त बताएगा कि टिकट किसको मिलेगा।
----------------
इनसेट
काली फिल्म लगाकर घूम रहे नेता
सोनभद्र। आचार संहिता की धज्जियां उड़ाते हुए कई नेता लग्जरी वाहनों मेें काली फिल्म लगाकर घूम रहे हैं। फिर भी पुलिसकर्मी नेताओं के वाहनों से फिल्म नहीं उतार रहे हैं। जबकि पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को वाहनों से काली फिल्म, झंडा और प्रचार सामग्रियों को उतरवाने का निर्देश दे चुके हैं।