सीतापुर। चोरी के शक में शहर कोतवाली लाए गए मछली मंडी निवासी अमन गुप्ता की मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने पुलिस पर युवक को कोतवाली में पीटने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में उसे लखनऊ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, तामसेनगंज चौकी के सिपाही मंगलवार को अमन को घर से लेकर गए थे। आरोप है कि कोतवाली में उसके साथ मारपीट की गई और परिजनों को उससे मिलने नहीं दिया गया। हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि युवक के खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं है, इसके बावजूद उसे प्रताड़ित किया गया।
इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि 14 सितंबर को कजियारा से एक ऑटो और तामसेनगंज मोहल्ले के एक घर से सामान चोरी हुआ था। सीसीटीवी फुटेज और यक्ष ऐप के जरिये पहचान होने के बाद अमन को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। उनके अनुसार, अमन अपने पिता दिनेश के साथ खुद कोतवाली आया था। उन्होंने पुलिस हिरासत में मारपीट या प्रताड़ना के आरोप से इन्कार किया। बताया कि अमन की हालत स्थिर है।