सीतापुर। कोतवाली देहात के मोहल्ला हुसैनगंज निवासी मुन्नीलाल (45) की रविवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मुन्नीलाल के भतीजे सूरज के अनुसार उनके चाचा के मौसी का पुत्र संजय, उसकी पत्नी व संजय का पुत्र करन मछरेहटा के जमलापुर गांव के निवासी हैं। आरोपी कई बार साजिश रचकर मुन्नीलाल से रुपये वसूलते थे। संजय ने अपनी पुत्री के विवाह के लिए मुन्नीलाल से 50 हजार रुपये की मांग की थी।
मना करने पर आरोपी ने सूरज के चाचा से रंजिश मानते हुए कई बार उनको फंसाने की साजिश की। 20 जून को आरोपियों ने मुन्नीलाल पर चोरी का इल्जाम लगाते हुए तहरीर दी थी, जिसके बाद मुन्नीलाल को मानसिक रूप से आघात पहुंचा। रविवार को घर पर ही सोते हुए उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि चोरी की तहरीर मिलने के बाद दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था। रिश्तेदार होने के नाते दोनों पक्षों ने शनिवार को पुलिस के सामने सुलह कर लिया था। कुछ लोगों ने मुन्नीलाल की मौत होने में पुलिस की भूमिका को संदिग्ध बताया, जो कि पूरी तरह से गलत है।
चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें मौत की वजह फेफड़ों में इनफेक्शन व शॉक लगने से होना सामने आई है।