शहर कोतवाली इलाके के दुर्गापुरवा निवासी अमरदीप उर्फ कल्लू (27) पुत्र सुशील कुमार की कमलापुर इलाके में जलालपुर के पास शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता सुशील कुमार का कहना है कि उसके बेटे को हरदोई निवासी उसका दोस्त अभिषेक गुप्ता लखनऊ जाने के लिए बुलाकर ले गया था।
दोनों बाइक से निकले थे। रविवार भोर करीब पांच बजे अभिषेक ने अमरदीप के घर फोन कर बताया कि अमरदीप की मार्ग दुघर्टना में मौत हो गई। जिसके बाद परिवारीजन मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि दुर्घटना होने की बात कही जा रही है लेकिन अभिषेक को कोई चोट नहीं आई और न ही बाइक में खरोंच के निशान हैं, जिससे घटना को लेकर संदेह हो रहा है।
पिता का आरोप है कि अब अभिषेक गायब है। उन्होंने बेटे की हत्या किए जाने का संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अमरदीप खड्ड में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामलेे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।