पिसावां में अवैध खनन करते समय गुरुवार शाम एक टीला अचानक ढह गया। इससे मिट्टी में दबकर एक युवक की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि खनन कराने वाले दो लोग जबरन उसे मजदूरी कराने बुला ले गए थे। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से मिट्टी हटवा कर शव को बाहर निकलवाया। एसपी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पिसावां गांव के पश्चिम ढिघिया तालाब में गुरुवार शाम कुछ लोग अवैध रूप से खनन कर रहे थे। इस बीच मिट्टी का एक बड़ा टीला अचानक ढह गया, जिससे पिसावां के बिचपरिया गांव निवासी संतोष कुमार (28) दब गया। यह देख ट्रैक्टर-ट्रॉली से खनन करा रहे लोग वाहन समेत मौके से भाग निकले।
हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने गांव वालों को सूचना दी। थोड़ी ही देर में वहां काफी ग्रामीण पहुंच गए। लोगों काफी मशक्कत से मिट्टी हटाई, लेकिन युवक का पता नहीं चला। खबर पाकर एसओ केके मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने फौरन जेसीबी मंगवा कर मिट्टी हटवाई और युवक का शव निकाला।
इस प्रयास में करीब दो घंटे लग गए। जानकारी होने पर एसडीएम महोली अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पिता श्यामबिहारी का कहना है कि उसका बेटा संतोष गेहूं काटने निकला था। रास्ते में पिसावां निवासी शिवराम उसे मिल गया। वह संतोष को जबरन मिट्टी का खनन कराने ले गया।
आरोप है कि शिवराम व उसका रिश्तेदार अल्लीपुर निवासी जागेश्वर अवैध रूप से मिट्टी का खनन कराते हैं। इन लोगों ने जबरन उसके बेटे को खनन के काम में लगाया। इसके बाद हादसा होते ही आरोपी भाग निकले। श्याम बिहारी ने शिवराम व जागेश्वर के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ केके मिश्रा का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।