अनुज की फोटो अनुज व शव के पास बैठे परिजन। संवाद
मिश्रिख/गोंदलामऊ। मछरेहटा के बनियामऊ गांव निवासी युवक ने 23 जुलाई को अपनी ससुराल में विषाक्त पदार्थ खा लिया। शनिवार को युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर सात ससुरालीजनों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
बनियामऊ निवासी राकेश ने बताया कि उनके पुत्र अनुज (30) का विवाह पांच वर्ष पूर्व मिश्रिख के मुड़ियारा गांव निवासी प्रमोद की पुत्री लक्ष्मी से हुआ था। लक्ष्मी अक्सर अनुज से झगड़ा कर मायके चली जाती थी। 23 जुलाई को लक्ष्मी मायके में थी। उसने फोन कर अनुज को बुलाया। अनुज 90 हजार रुपये व बाइक लेकर ससुराल गए थे। आरोप है ससुराल पक्ष ने अनुज को इतना ज्यादा प्रताड़ित किया कि परेशान होकर उन्होंने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। अनुज को सीएचसी मिश्रिख से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को अनुज की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जब अनुज की मौत हो गई तब विपक्षीगणों ने सूचना दी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि जब वे मौके पर पहुंचे तब मौके से ससुराल पक्ष के लोग भाग गए थे। राकेश ने लक्ष्मी, प्रमोद, रामानुज, राेहिणी, श्रवण, सोनू और रामजीवन के विरुद्ध तहरीर दी। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया तहरीर के अनुसार सात आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अंतिम संस्कार से किया इन्कार, तब दर्ज हुई एफआईआर
अनुज के परिजन शनिवार को घर में ही शव के पास बैठ गए। उन्होंने सात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। मृतक के पिता राकेश कुमार ने बताया कि सीओ व इंस्पेक्टर को तहरीर दी मगर एफआईआर नहीं हुई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही अंतिम संस्कार करने की चेतावनी के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
अनुज की फोटो अनुज व शव के पास बैठे परिजन। संवाद