सिधौली (सीतापुर)। ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश पांडेय ने की।
क्षेत्र के अंबरपुर में गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीके सिंह ने श्रीअन्न जैसे ज्वार, बाजरा, कोदो, रामदाना, कुटकी, चीना, मडुआ व रागी आदि फसलों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि ये फसलें कम समय, कम लागत, कम पानी व कम रासायनिक खादों से उपजाई जा सकती हैं परंतु बाजार में इनकी कीमत अधिक होने के साथ ही ये अन्न मानव जीवन के लिए अत्यंत लाभदायक है।
एडीओ कृषि योगेश शर्मा ने किसानों को बताया कि फसल के अवशेषों को खेतों में न जलाएं। रबी की फसलों को काटने के बाद हरी खाद जैसे ढैंचा, सनई, लोबिया, उर्द व मूंग आदि की बोआई करके खेतों में जीवांश कार्बन की मात्रा बढ़ा सकते हैं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका लाभ लेकर वे प्रगति कर सकते हैं। इस दौरान अवर अभियंता एमआई सुशील पांडेय, एडीओ अर्चना, पवन जायसवाल, गोविंद वर्मा, रामाधार यादव, मीना व ब्रजकिशोर आदि मौजूद रहे।