महोली (सीतापुर) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 दिसंबर शनिवार को आदर्श तहसील महोली का वर्चुअल उद्घाटन किया था। सोमवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद रेखा वर्मा व उप जिलाधिकारी शशिभूषण राय ने तहसील शिफ्ट से पूर्व विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। इसके बाद धौरहरा सांसद रेखा वर्मा ने फीता काटकर नवसृजित तहसील भवन का गृह प्रवेश किया।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि सभी को महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ मिले। सरकार के जिम्मेदार योजनाओं को क्रियान्वित कर प्रदेश की जनता तक पहुंचा रहे हैं। जिससे प्रदेश खुशहाली व तरक्की के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उप जिलाधिकारी शशिभूषण राय ने बताया कि सोमवार से ही यहां पर सभी कार्य सुचारु रूप से चालू हो गए हैं। रजिस्ट्रार की नियुक्ति होते ही शीघ्र ही बैनामा कार्य भी चालू हो जाएगा।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्षा सरिता गुप्ता, तहसीलदार आरपी सिंह नायब तहसीलदार शिव कुमार शर्मा कानूनगो अनिल सिंह, राज कुमार शुक्ला, लेखपाल व समस्त तहसील कर्मी समेत भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीनाथ बाजपेई आदि मौजूद रहे।