थानगांव थाना क्षेत्र में दिमागी बुखार से एक महिला की मौत हो गई। महिला का लखनऊ में इलाज चल रहा था। वहीं रेउसा क्षेत्र में एक अन्य महिला दिमागी बुखार की चपेट में है। सिधौली क्षेत्र के दो लोगों को डेंगू हुआ है, जिनका लखनऊ में अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम रामीपुर गोड़वा निवासी कन्हैया लाल की पत्नी श्यामकली बुखार से पीड़ित थी। उसे जिला अस्पताल से डॉक्टरों ने दिमागी बुखार की बात कहते हुए ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
शनिवार को श्यामकली ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम भरथा निवासी राजू की पत्नी राजरानी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। राजरानी को भी दिमागी बुखार की चपेट में आना बताया जा रहा है।
सिधौली कस्बा के मोहल्ला गांधी नगर निवासी संतोष कुमार को शुक्रवार को तेज बुखार आया। डॉक्टरों ने जांच की तो उसे डेंगू होने की पुष्टि की। परिवार के सदस्यों ने बताया कि डेंगू की पुष्टि होने के बाद संतोष को सेवा हास्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया है।
दूसरी तरफ कस्बे के विवेक नगर निवासी पुनीत जैन को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने पुनीत जैन को डेंगू होने की पुष्टि की है। सीतापुर में प्लेटलेट्स चढ़ाने की सुविधा नहीं है, इसलिए लखनऊ में ही इलाज कराया जा रहा है।