कुंवरगड्डी। सिधौली इलाके के कुंवरगड्डी में पुलिया पर बैठी एक महिला नहर में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। क्षेेत्र के खैरंदेश नगर मजरा सीतानगर निवासी रामलखन अपनी पत्नी सीता (45) के साथ लखनऊ के इटौंजा में दवा लेने गए थे।
सिधौली पहुंचने के बाद दोनों ऑटो से कुंवरगड्डी पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीता सड़क के किनारे बनी नहर की पुलिया पर बैठकर आराम करने लगीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नहर गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इस पर रामलखन के साथ ही कुछ लोग नहर में कूद पड़े। सीता को नहर से निकालकर सिधौली सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ सिधौली विशाल गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)