खेत में मिला जंगली बिल्ली का बच्चा
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। गन्ने के खेत में बुधवार को जंगली जानवर के दो बच्चे दिखने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाघ के बच्चे समझकर वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने इन्हें जंगली बिल्ली बच्चे बताकर गन्ने के खेत में ही छोड़ दिया और निगरानी के लिए दो वनकर्मियों को तैनात कर दिया।
थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके मेंं वन रेंज हरगांव के अटरिया कीरतपुर में बुधवार दोपहर निर्दोष यादव के खेत में गन्ना छीला जा रहा था। इस बीच वहां जानवर के दो बच्चे दिखाई दिए। लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा गुरुनरायन यादव ने बच्चों को देखा व और उनको जंगली बिल्ली के बच्चे बताते हुए खेत में ही छोड़वा दिया। मौके पर सिपाही रामशंकर भार्गव व मुनीश को रखवाली के लिए तैनात किया गया। हरगांव के रेंजर बीनू पाल ने बताया कि बच्चे जंगली बिल्ली की प्रजाति के हैं। लोगों ने उन्हें छू लिया। बच्चों को गन्ने के खेत में छोड़वाया गया है। बाघ का कोई मूवमेंट अटरिया के आसपास नहीं मिला है।