लहरपुर (सीतापुर)। जंगली जानवर ने मूड़ीखेड़ा गांव में सोते समय एक लड़की का चेहरा नोंच लिया। इससे वह घायल हो गई। लोगों के जागने पर वह भाग निकला। घटना से लोग दहशत में है।
वन विभाग को सूचना दी गई है। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में कांबिंग की मगर जंगली जानवर का कहीं भी सुराग नहीं लगा। लोग अपने खेतों में काम करने जाने से डर रहे हैं।
लहरपुर इलाके के मूड़ीखेड़ा गांव निवासी कौसर अली की बेटी साहिला (8) रात को घर में सो रही थी। तभी किसी जंगली जानवर ने चेहरे पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। घायल साहिला चिल्लाने लगी।
उसकी चीख सुनकर परिजन उसकी तरफ दौड़े। गांव वालों ने जानवर को दौड़ाया। भीड़ को देखकर वह भाग निकला। जंगली जानवर के हमले से घायल हुई साहिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज हो रहा है।
फॉरेस्टर गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक क्षेत्र की कांबिंग की गई, लेकिन कोई जंगली जानवर का सुराग नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
लकड़बग्घे के लग रहे पग चिह्न
रामगढ़। संदना में एक ग्रामीण के बाघ जैसा जंगली जानवर देखने का मामला प्रकाश में आने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया। क्षेत्र में लकड़बग्घा होने की खबर से स्कूली बच्चे सहमे हुए हैं।
खबर पाकर मौके पर पहुंचे वन विभाग के फारेस्टर एसएन शुक्ला, वन रक्षक अनिल कुमार यादव ने मामले की जांच की। बताया कि यह पग चिह्न लकड़बग्घा के प्रतीत हो रहे हैं। तलाश की जा रही है। भूख लगने पर बाहर निकलेगा। टीम द्वारा नजर रखी जाएगी।