सीतापुर। मछरेहटा के पहाड़पुर मजरा मानपुर में बृहस्पतिवार देर शाम दबंग ने घर के सामने बैठे किसान को लाठी से पीट दिया। घायल किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पहाड़पुर के मजरा मानपुर निवासी सिरदार (65) किसान हैं। वह बृहस्पतिवार देर शाम अपने घर के सामने बैठे थे। आरोप है कि गांव का ही शंकर किसी मवेशी को पीट रहा था। इसी बीच सिरदार ने उसे टोक दिया। टोकने पर ही विवाद शुरू हो गया। शंकर ने किसान को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। जब किसान ने विरोध किया तो शंकर ने डंडे से सिरदार को पीट दिया।
शोर सुनते ही परिजन मौके पर आ गए। इधर आरोपी वहां से भाग गया। परिजनों ने किसान को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार देर रात उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि मामले में पूर्व में ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।