मौसम ने तेजी से करवट बदलना शुरू कर दिया है। रविवार को जहां दिनभर धुंध छाई रही, वहीं शनिवार के मुकाबले आज एक डिग्री पारा और लुढ़क गया। सुबह पूरा जिला धुंध की चादर से ढका नजर आया। आसमान में सूर्य और बादलों की लुकाछिपी चलती रही। सर्दी के कारण बड़े, बूढ़े और बच्चे गर्म कपड़ों में नजर आए। मौसम विभाग ने सोमवार को सर्दी बढ़ने की उम्मीद जताई है।
जिला शनिवार की देर रात से ही धुंध की चादर से लिपटा नजर आया। रविवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली, तब चारों तरफ धुंध नजर आयी। सुबह 6 बजकर 22 मिनट पर धुंध के बीच सूर्योदय हुआ। धरती से लेकर आसमान तक धुंध थी, जिसकी वजह से सूर्य की किरणें बामुश्किल लोगों तक नहीं पहुंच पा रही थी।
धुंध के कारण चालकों को वाहन चलाते समय हेड लाइट ऑन करनी पड़ी। हल्की-हल्की हवा चलने के कारण ठंड अपना असर दिखाती नजर आई। सुबह के वक्त लोग गर्म कपड़ों को पहनने के बाद ही घरों से निकले। रविवार का होने के कारण स्कूलों व सरकारी कार्यालयों में छुट्टी थी, जिसकी वजह से स्कूली बच्चों व कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा।
दोपहर के वक्त जब हल्की धूप खिली, तब बाजार में चहल पहल बढ़ी। इस दौरान ऊनी कपड़ों की दुकान पर ही ग्राहकों की भीड़ नजर आई। दुकानदार ग्राहकों को लुभाते नजर आए। शाम ढलते ही सर्द मौसम ने फिर से रंग दिखाना शुरू कर दिया।
रविवार को अधिकतम तापमाल 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान आठ किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने से मौसम में नमी का एहसास होता रहा। सोमवार का दिन इससे भी सर्द होने का अनुमान लगाया जा रहा है।