सीतापुर। इन दिनों पंचायत मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। सूची में इस बार ग्रामीणों को वोटर बनने, त्रुटियों का संशोधन कराने और नाम हटाए जाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा दी गई थी, लेकिन लोगों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। इसी का परिणाम रहा कि 35 दिन में 1588 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र 465 ऑनालइन आवेदन किए गए हैं।
1588 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की भी अनुमति दी थी। इसके लिए 19 अगस्त से 22 सितंबर तक मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन करने थे। इस दरमियान सात तहसील क्षेत्रों के 19 ब्लॉकों की 1588 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र 465 मतदाताओं ने ही परिवर्धन, संशोधन और अपमार्जन के लिए आवेदन किया है।
इसमें 362 आवेदन नाम बढ़ाने के, 90 आवेदन संशोधन के लिए और 13 आवेदन मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए ऑनलाइन किए गए। सर्वाधिक 187 आवेदन तहसील सदर क्षेत्र से किए गए हैं। इनकी जांच शुरू हो गई है। पात्रता के आधार पर मतदाता सूची में संबंधित के नाम जोड़ने, संशोधन करने और हटाने का कार्य किया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि ऑनलाइन आवेदनों की बीएलओ की ओर से घर- घर जांच की जा रही है। यह कार्य 29 सितंबर तक चलेगा।