सीतापुर। जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस के वायरल लोड की जांच 15 दिन बाद फिर से शुरू हो गई है। अब मरीजों को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अभी रोजाना 10 से 15 मरीजों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ में केजीएमयू भेजे जा रहे थे। अब सीतापुर में ही उनकी जांच होगी।
जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस की निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। हेपेटाइटिस की पुष्टि के लिए वायरल लोड की जांच करवाई जाती है। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मरीजों का इलाज किया जाता है। यह जांच काफी महंगी होती है। निजी पैथोलॉजी में यह जांच 3500 से 5000 रुपये के बीच होती है।
जिला अस्पताल में जांच निशुल्क हो जाती है। 15 दिन से रिजेंट के अभाव में जांच बंद थी। इससे मरीज परेशान थे। सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में वायरल लोड की जांच शुरू हो गई है। समय से रिपोर्ट मिल सकेगी। (संवाद)