तंबौर (सीतापुर)। क्षेत्र में सड़कों पर बेधड़क दौड़ रही मिट्टी व बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों का सबब बन रहीं हैं। रविवार को मिट्टी लदी ट्रॉली से टकरा जाने पर एक युवक घायल हो गया था। सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से ग्रामीणों की नाराजगी सड़क पर दिखी। गुस्साये ग्रामीणों ने मिट्टी से लदी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों समेत खुदाई कर रही जेसीबी को लोगों ने रोक लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
कस्बे में एक बड़े प्लाट पर कई दिनों से मिट्टी पाटी जा रही है। दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से छतांगुर रोड पर एक खेत से खोदकर कर मिट्टी लाकर पटाई की जा रही है। इस कार्य में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली से रविवार को बाइक से घर जा रहा रायपुर निवासी मनोज टकराकर घायल हो गया था। इसकी थाने पर सूचना देने के बाद कोई कार्यवाही नहीं की गई।
इससे नाराज घायल व्यक्ति के परिजन सहित रायपुर के अन्य ग्रामीणों ने मंगलवार को छतांगुर मार्ग पर इकट्ठा होकर मिट्टी लादकर आ रही ट्रॉलियों व एक जेसीबी मशीन को रोक लिया। उनका कहना था कि कई दिनों से तमाम ट्रैक्टर-ट्रॉली दिन रात मिट्टी ढुलाई कर रहे हैं। जिससे उड़ने वाली धूल से राहगीर परेशान हैं।
सड़क पर कई जगह गड्ढे हो गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह समझौता कराया। एसओ तंबौर सुरेश पटेल ने बताया कि छतांगुर मार्ग पर रजनापुर के किसान तीरथराम ने भूतत्व व खनिकर्म विभाग का 12 मई तक खेत से मिट्टी निकालने का लिखित अनुमति पत्र दिया है। लोगों में नाराजगी थी, जिसे शांत करा दिया गया है।