सीतापुर। 11वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के तत्वावधान में चल रही 51वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक शूटिंग स्पोर्ट्स, रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल शूटिंग एवं आर्म्स एफिशिएंसी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को कारबाइन शूटिंग स्पर्धाएं हुईं। प्रतियोगिता में यूपी पुलिस के नौ जोन और पीएसी के तीन जोन के निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया।
पहले अभ्यास में पीएसी मध्य जोन के पीसी विजय कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। जीआरपी के आरआई जयचंद शर्मा दूसरे और पीएसी पश्चिमोत्तर जोन के मुख्य आरक्षी राजकुमार मौर्य तीसरे स्थान पर रहे। दूसरे अभ्यास में भी विजय कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। मुख्य आरक्षी राजकुमार मौर्य दूसरे और बरेली जोन के आरक्षी पीयूष तीसरे स्थान पर रहे।
तीसरे अभ्यास में विजय कुमार ने अपनी लय बरकरार रखते हुए फिर प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य आरक्षी राजकुमार मौर्य दूसरे और बरेली जोन के आरक्षी अंकुर मान तीसरे स्थान पर रहे।
चौथे अभ्यास में पीएसी पश्चिमी जोन के मुख्य आरक्षी राजकुमार मौर्य ने शानदार वापसी करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। मध्य जोन के मुख्य आरक्षी विनीष कुमार दूसरे और पीएसी जोन के मुख्य आरक्षी तेजेंद्र सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
चारों अभ्यास में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पीएसी मध्य जोन के पीसी विजय कुमार को प्रतियोगिता का सर्वोत्तम लक्ष्य भेदक चुना गया। इस अवसर पर 11वीं वाहिनी पीएसी के उपसेनानायक राजकुमार पांडेय, रोहित यादव, आशीष समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।