सीतापुर। संदना इलाके में युवक को पीटने के मामले को अभी एक दिन भी नहीं हुआ था कि इस बार बिसवां पुलिस अपने कारनामों को लेकर सुर्खियों में आ गई। कोतवाली बिसवां में तैनात एक हेड कांस्टेबल का सोमवार को पैसे लेते वीडियो वायरल हो गया। सीओ ने मामले की जांच कर रिपोर्ट एसपी को दी। कप्तान ने रिपोर्ट के आधार पर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
बिसवां कोतवाली में तैनात एक हेड कांस्टेबल का सोमवार को किसी ने यूपी पुलिस के ट्विटर हैंडल पर वीडियो अपलोड कर दिया। इसके कुछ देर बाद वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगा। मामले का एसपी ने संज्ञान लेते हुए बिसवां सीओ से जांच कराई। सीओ की जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में पैसे लेते जो पुलिस कर्मी दिख रहा है, वह बिसवां हल्के में तैनात है।
वीडियो में हेड कांस्टेबल और कुछ और लोगों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर हो रही बातचीत सुनी जा रही है। पुलिस कर्मी का नाम राजकुमार बताया जा रहा है। सीओ बिसवां सुशील कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच की गई है। जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई। उसी रिपोर्ट के आधार पर एसपी आरपी सिंह ने सिपाही को लाइन हाजिर कर पूरे मामले की जांच बैठा दी है।