सीतापुर। सीनियर सिटीजन व 45 साल से अधिक उम्र के बीमार लोगों का कोविड टीकाकरण अब चार व पांच मार्च को होगा। इसके लिए को-विन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण कराने के बाद आवेदक को टीकाकरण की तिथि व समय का पता चलेगा। लाभार्थी को तय दिन व समय पर चिह्नित केंद्र पर जाकर टीकाकरण कराना होगा। कोरोना टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण एक फरवरी से शुरू हुआ है।
इस अभियान के तहत 60 बरस से अधिक उम्र के बुजुर्ग व 45 से 60 बरस के बीच बीमार लोगों को टीकाकरण कराने का अवसर मिलेगा। इसके शुरूआती दौर में फ्रंट लाइन वर्कर व स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ था। अब बुजुर्गों का भी टीकाकरण शुरू होगा।
टीकाकरण को घर बैठे आवेदन
बुजुर्ग घर बैठे ही को-विन पोर्टल पर अपने मोबाइल के माध्यम से पंजीकरण करा सकते है। इस पंजीकरण में उनको नजदीक अस्पताल पूंछा जाएगा। उसको भरने के बाद टीकाकरण की तिथि मिलेगी। उक्त तिथि पर केंद्र पर जाकर अपना टीकाकरण कराया जा सकेगा। पंजीकरण कराने को मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड होना जरूरी होगा।
निजी अस्पतालों में टीकाकरण में होगी देरी
निजी अस्पतालों में टीकाकरण की शुरूआत होने में देरी हो सकती है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह का कहना है बीसीएम खैराबाद व हिन्द अस्पताल अटरिया को चिन्हित किया गया है। यह लोग पहले फीस जमा करें।
उसके बाद उनको डोज उपलब्ध कराने पर ही टीकाकरण शुरू होगा। अभी तक दोनों अस्पतालों ने इस मामले में कोई पहल नहीं की है। इसी कारण इन दोनों निजी अस्पतालों में टीकाकरण में देरी संभव है।
कोरोना का मिला एक मरीज
जिले में कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है। मंगलवार को महज एक केस पॉजिटिव आया है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने बताया जिले में अब 11 एक्टिव मामले बचे है। जबकि 83 लोगों की मौत हो चुकी है। आठ मरीज होम क्वांरटीन है। दो मरीजों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है।