तहसील क्षेत्र से होकर गुजरी उरदौली नहर बुधवार देर रात कट गई। इससे नहर के कमांड क्षेत्र में आने वाले खेतों में पानी भर गया। नहर कटने से लगभग 150 बीघा खेत जलमग्न हो गए। स्थानीय किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। उधर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने इस नहर पटरी को काट दिया है। उसे दुरुस्त कराया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दशरथपुर के निकट से उरदौली नहर गुजरी है। बुधवार की रात नहर पटरी का कुछ हिस्सा कट गया। इससे नहर निकट मौजूद खेतों में पानी भरने लगा। गुरुवार सुबह गांव के लोग नहर की तरफ से गुजरे तो खेत पानी से लबालब देख दंग रह गए। दशरथपुर, गनेशपुर, हरीपुर आदि गांवों के किसानों की 150 बीघा खेत पानी में डूब गए।
लोगों ने तत्काल सिंचाई विभाग को इसकी सूचना दी और कटान हबट कराने को कहा। उधर, सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिस नहर पटरी को कटना बताया जा रहा है, उसी पटरी पर डामरीकृत सड़क गुजरी है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने इस नहर पटरी को अपने फायदे के लिए काटा है। इससे सिंचाई विभाग का भी काफी नुकसान हुआ है।