सीतापुर। पिछले छह माह से पुलिस लाइंस और शहर की द्वितीय वाहिनी पीएसी में ट्रेनिंग कर रहे 787 पुरुष जवान शुक्रवार को रिमझिम फुहारों के बीच पासिंग लाइन पूरी कर यूपी पुलिस का हिस्सा बन गए। सबसे अच्छी बात ये है कि पुलिस लाइंस में पासिंग लाइन पार करने वाले सभी 204 सिपाही सीतापुर पुलिस को मिले हैं जबकि द्वितीय वाहिनी पीएसी में पासिंग लाइन पार करने वाले 155 सिपाही उन्नाव जिले को मिले हैं।
11वीं वाहिनी पीएसी में 198 वहीं 27वीं वाहिनी पीएसी में 230 जवान भी पुलिस के बेड़े में शामिल हुए। नागरिक पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद अब ये जवान अपराधियों से लोहा लेंगे।
पुलिस लाइंस में पासिंग आउट परेड की सलामी लेते हुए एसपी और द्वितीय वाहिनी पीएसी में कमांडेंट ने उत्तर प्रदेश पुलिस के बेड़े में शामिल हुए सिपाहियों को वर्दी की आन-बान और शान को बरकरार रखते हुए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिसिंग करने का पाठ पढ़ाते हुए शपथ दिलाई।
पुलिस लाइंस में 3 नवंबर 2020 से 204 पुरुष रिक्रूटों की ट्रेनिंग चल रही थी। शुक्रवार को छह माह की ट्रेनिंग पूरी होने पर पुलिस लाइंस में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया था। इसको लेकर तैयारियां पहले से ही मुकम्मल कर ली गई थीं। शुक्रवार को सुबह के 8:55 बज रहे थे। पुलिस लाइंस ग्राउंड को दुल्हन की तरह सजाया गया था, इस बीच पहुंचे एसपी आरपी सिंह ने मान प्रणाम गृहण किया।
सामने ग्राउंड पर 204 रिक्रूटों की नौ टोलियां खड़ी थीं। इसका नेतृत्व परेड कमांडर पीयूष पवार कर रहे थे। रिक्रूटों की टोलियां कदमताल करते हुए आगे बढ़ रही थीं। टोलियां ज्यों-ज्यों आगे बढ़ रहीं थीं, त्यों-त्यों माहौल खुशनुमा होता जा रहा था और जैसे ही सभी ने पासिंग लाइन पार की तो किसी की भी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पासिंग लाइन पार करते ही सभी खुशी से उछल पड़े।
यूपी पुलिस का हिस्सा बनने के बाद पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि एसपी आरपी सिंह ने सभी को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और बिना किसी भेदभाव के पुलिस की ड्यूटी कर जनता की सेवा करने को लेकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह पूरा कार्यक्रम कोविड नियमों के पालन के तहत किया गया।
एसपी आरपी सिंह ने सिपाहियों को पुलिस की आन-बान और शान को बरकरार रखते हुए कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन करने का पाठ पढ़ाया। एसपी ने कहा कि अब आप के कंधों पर समाज की सेवा की जिम्मेदारी है। आप लोगों को पुलिस की ड्यूटी के दौरान कोई भी ऐसा कार्य नहीं करना है जिससे समाज में पुलिस की छवि खराब हो।
ऐसा काम करें जिससे पुलिस की शाख और बढ़े और आप लोगों का महकमे में नाम हो। बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष होकर पुलिसिंग करनी है। इस मौके पर एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित, एएसपी साउथ एनपी सिंह, सीओ लहरपुर यादवेंद्र यादव, आरआई राजकुमार यादव मौजूद रहे। वहीं दोनों एएसपी ने कप्तान आरपी सिंह को स्मृति चिह्न भेंट किया।
आरआई राजकुमार यादव ने बताया कि पुलिस लाइंस में पासिंग लाइन पार कर यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल हुए सभी 204 सिपाही सीतापुर पुलिस को ही मिले हैं।
वहीं शहर की द्वितीय वाहिनी पीएसी में 3 नवंबर 2020 से नागरिक पुलिस का प्रशिक्षण यूपी के कई जिलों से आए 198 पुरुष कर रहे थे लेकिन तीन रिक्रूट बीच में ही ट्रेनिंग छोड़कर चले गए थे जबकि 155 पुरुष रिक्रूूटों ने यहां पर छह माह की ट्रेनिंग पूरी की। शुक्रवार को छह माह पूरे हो गए थे, इसको लेकर वाहिनी में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया जिसके मुख्य अतिथि द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट राहलु यादुवेंद्र रहे।
सुबह आठ बजे परेड शुरू हुई। सभी 155 रिक्रूट आरक्षी कदमताल करते हुए आगे बढ़े और पासिंग लाइन को पार कर यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल हो गए। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी रिक्रूटों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए कहा कि आज से आप लोगों का समाज भी एक परिवार की तरह हो गया है।
पुलिस की नौकरी में बहुत सी चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों से लड़ते हुए आपको पुलिस की सेवा कर खाकी का इकबाल बुलंद करना होगा। समाज की सेवा करने के जिस मकसद को लेकर आप लोगों ने पुलिस की नौकरी ज्वाइन की है, उसका बखूबी निर्वहन करें। कोई भी ऐसा काम न करें जिससे वर्दी पर आंच आए।
कमांडेट राहुल यादुवेंद्र ने बताया कि सभी 155 पुरुष सिपाही उन्नाव जिले की पुलिस को मिले हैं। वहीं से ट्रेनिंग करने आए थे। उसी जिले के लिए सभी रवाना हो गए हैं। अंत: और वाह्य विषयों में प्रथम और सर्वोत्तम स्थान पाने वालों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर उप सेनानायक लक्ष्मी निवास मिश्र, सहायक शिविर पाल सुजाउल इस्लाम, प्रधान लिपिक अभय, सूबेदार सैन्य सहायक पीयूष पाठक, एसआई एमटी धर्मेंद्र कुमार यादव मौजूद रहे।
पुलिस लाइंस में टोलियों का नेतृत्व परेड कमांडर प्रथम पीयूष पवार, परेड कमांडर द्वितीय पुष्पेंद्र कुमार व परेड कमांडर तृत्तीय शैंकी यादव ने किया। प्रशिक्षण के बाद अन्त: कक्षीय विषयों में रिक्रूट आरक्षी निशेष यादव, बाह्य कक्षीय विषय (आईटी) में रिक्रूट आरक्षी रोबिन सिंह चिंकारा, पीटी विषय में रिक्रूट आरक्षी महेंद्र तिवारी, शस्त्र फायरिंग में रिक्रूट आरक्षी शोभित यादव ने सर्वोत्तम प्रदर्शन किया। इनके अलावा रिक्रूट आरक्षी रोबिन सिंह चिंकारा ने अन्त: कक्षीय व बाह्य विषयों में सर्वांगीण सर्वोत्तम स्थान प्राप्त किया।
एसपी आरपी सिंह ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के बाद सभी रिक्रूट आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र/मेडल देकर सम्मानित किया। रिक्रूट आरक्षियों के सफल प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए आरटीसी प्रभारी निरीक्षक धर्मराज उपाध्याय, प्रशिक्षुओं को अन्त: कक्षीय विषय का प्रशिक्षण प्रदान करने वाले आरटीसी अध्यापक एसआई डोरी लाल, बाह्य विषय का प्रशिक्षण प्रदान करने वाले आईटीआई मुख्य आरक्षी राकेश कुमार पांडेय, आरटीसी मेजर अवधेश कुमार यादव, पीटीआई आरक्षी परविंदर तोमर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।