सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके के बिजवार में गुरुवार शाम एक एयर टैंक फटने से दो युवक जख्मी हो गए। उनको जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। घटना से पुलिस को अवगत करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
खैराबाद के कमाल सरायं निवासी मोसिम (18) पुत्र मोबीन व तालिब (18) पुत्र गुड्डू शहर कोतवाली इलाके में बिजवार के पास वाहनों में पंक्चर बनाने व हवा भरने का काम करते थे। गुरुवार को अचानक इनका एयर टैंक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे न सिर्फ क्षेत्र में दहशत फैल गई, बल्कि दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इनको फौरन जिला अस्पताल भेजा गया। बताते हैं कि वहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है। इंस्पेक्टर टीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।