नैमिषारण्य। 88 हजार ऋषियों की तपस्थली नैमिषारण्य में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना दो साल बाद भी जमीन पर नहीं उतर सकी है। तीर्थ में कक्षा छह से 12 तक के लिए राजकीय संस्कृत विद्यालय और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 100 बेड का छात्रावास भी प्रस्तावित है।
इसके लिए ग्राम पंचायत ठाकुर नगर में करीब साढ़े 12 बीघा भूमि भी चिह्नित की जा चुकी है, लेकिन निर्माण की दिशा में इसके बाद कोई ठोस पहल नहीं की गई।
नैमिषारण्य धाम विकास परिषद के गठन के बाद तीर्थ के समग्र विकास के लिए तैयार की गई कार्ययोजनाओं में राजकीय संस्कृत विद्यालय को भी शामिल किया गया था। इसके लिए ठाकुर नगर ग्राम पंचायत में गाटा संख्या 14 की करीब साढ़े 12 बीघा जमीन चिह्नित की गई।
भूमि चयन के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा, लेकिन करीब दो वर्ष बीतने के बाद भी योजना आगे नहीं बढ़ सकी है। स्थानीय प्रशासन से लेकर पर्यटन विभाग तक की ओर से निर्माण शुरू कराने को लेकर कोई स्पष्ट पहल सामने नहीं आई है। इससे क्षेत्रीय लोग मायूस हैं।