पिसावां(सीतापुर)। हरियावां चीनी मिल के अंतर्गत लौकी सी गन्ना क्रय केंद्र पर चौकीदारी के वर्चस्व को लेकर एक सप्ताह से तौल बाधित है। जांच करने पहुंचे चीनी मिल के अधिकारियों के सामने ही हंगामा होने लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह विवाद को शांत कराया।
तीन दिन से दूसरे क्रय केंद्र पर किसानों का गन्ना तौल रहा था। शुक्रवार को क्रय केंद्र सी पर तौल शुरू कराने पहुंचे केन मैनेजर सोनवीर सिंह के सामने ही चौकीदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से हंगामा होने लगा। मौके पर किसान यूनियन के पदाधिकारी भी पहुंच गए और हंगामे में शामिल हो गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया।
केन मैनेजर ने बताया कि क्रयकेंद्र पर तीसरी एजेंसी के द्वारा चौकीदार की नियुक्त होती है। तैनात चौकीदार सूरज यादव की शिकायत होने पर उसे हटाकर श्याम कुमार की नियुक्ति की गई थी। सूरज यादव के समर्थक विरोध जताने लगे। इस वजह से एक सप्ताह से तौल बाधित है।
गन्ना क्रयकेंद्र बी पर किसानों के गन्ने की तौल कराई जा रही है। उन्होंने बताया दोनों चौकीदार को हटाकर तीसरे चौकीदार को नियुक्त किए जाने के आश्वासन पर मामला शांत हो गया। मौके पर चीनी मिल हरियावां के उपमहाप्रबंधक गन्ना इंद्रपाल सिंह, सहायक महाप्रबंधक गन्ना हरिओम शुक्ला, संयुक्त ज्वाइंट उप महाप्रबंधक आलोक सिंह सहित काफी संख्या में किसान व पुलिस फोर्स मौजूद रही।