मजदूरी कर साइकिल से घर लौटते समय हाईवे पर धनीपुर के निकट हादसा
सीसीटीवी की मदद से वाहन की तलाश करेगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में साइकिल सवार दो मजदूरों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस वाहनों की तलाश में जुटी है।
थाना रामकोट के रस्यौरा निवासी मनोहर (75), कोतवाली महोली के किसनपुर गांव निवासी गया प्रसाद (52) खैराबाद के जमैय्यतपुर के शोरूम में मजदूरी करके अपने-अपने घर लौट रहे थे। बुधवार रात क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर धनीपुर के निकट पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां मनोहर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान गयाप्रसाद की भी मौत हो गई।
एसओ टीपी सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में दोनों मजदूरों की मौत हो गई थी। घटना स्थल पर एक निजी कंपनी का सीसीटीवी लगा हुआ है। जिसके फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वाहन चालक का पता लगाया जाएगा।