महमूदाबाद। तहसील परिसर में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। नायब तहसीलदार न्यायालय के बाहर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। एक पक्ष ने मारपीट कर सोने की चेन और 1300 रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पटेल नगर जाफरपुर निवासी अशोक कुमार के अनुसार, जमीन संबंधी विवाद के मामले में वह मंगलवार को कोतवाली पहुंचे थे। मामला राजस्व विभाग से संबंधित होने के कारण उन्हें तहसील जाने को कहा गया। अशोक का आरोप है कि नायब तहसीलदार न्यायालय के बाहर विपक्षियों ने उनके साथ अपशब्द कहे। विरोध करने पर लाठी-डंडों से पिटाई की और चेन व नकदी छीन ली।
वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित भूमि के मामले में सिविल न्यायालय और जिला न्यायालय से उनके पक्ष में फैसला हो चुका है।
कोतवाल भानु प्रताप ने बताया कि विवादित प्लाट जाफरपुर और सलाउद्दीनपुर की सीमा पर स्थित है। नापजोख के लिए एसडीएम ने टीम गठित की है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।