खेत में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
महोली/पिसावां। पिसावां क्षेत्र में मंगलवार सुबह खेत में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मुसब्बरपुर गांव के मैनिया जंगल के पास खेतों की रखवाली कर रहे सरदार मंगल सिंह ने तेंदुए को जंगल की ओर जाते देखा। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने इलाके में कॉम्बिंग की। इस दौरान खेतों में तेंदुए के ताजा पगचिह्न मिले। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मुसब्बरपुर गांव के पास जंगल किनारे सरदार मंगल सिंह परिवार के साथ झाले में रहते हैं। मंगलवार सुबह उनके पालतू कुत्ते भौंकने लगे। बाहर निकलकर उन्होंने खेत की ओर देखा तो एक तेंदुआ जंगल की तरफ भागता नजर आया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक तेंदुआ जंगल में जा चुका था।
सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर राहुल यादव, वन दरोगा नंदलाल, विनीत कुमार समेत वनकर्मियों ने क्षेत्र में कॉम्बिंग की। टीम को खेतों में तेंदुए के ताजा पगचिह्न मिले। रेंजर केएन भार्गव ने बताया कि सरदार के झाले के पास खेतों में तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।