फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम कार्ड बदल रकम उड़ाने वाले दो गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के शिकंजे में आए शातिर गाजियाबाद जिले के निवासी हैं। लोगों को झांसे में लेकर आरोपी मदद के नाम पर उनका एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में शहर में हुई दो घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उनके पास से बैंकों के एटीएम कार्ड और कार बरामद की है। दोनों पर केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि मंडी चौकी क्षेत्र में 11 जनवरी व 29 जनवरी को दो घटनाएं हुईं थी। दोनों में एटीएम बूथ में पैसे निकालने के दौरान शातिरों ने एटीएम कार्ड बदलकर 25-25 हजार रुपये खाते से पार कर दिए थे। पुलिस दोनों मामलों में केस दर्जकर जांच में जुटी थी। बताया कि खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस, साइबर की संयुक्त टीम काम कर रही थी।
इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद जिले के निवासी ज्ञानेन्द्र उर्फ ज्ञानी व गाजियाबाद के थाना लोनी इलाके के बलरामनगर निवासी अमित कुमार को नवीन गल्ला मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जनवरी में हुई दोनों घटनाओं को अंजाम देने का जुर्म कुबूल किया है। आरोपियों के कब्जे से 68 एटीएम कार्ड, दो फर्जी नंबर प्लेट व वारदात में इस्तेमाल एक कार बरामद की है।
विज्ञापन

कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कुबूला कि ये लोग पैसे निकालने के बहाने एटीएम बूथ के अंदर एंट्री करते हैं। पहले से पैसे निकालने की कोशिश कर रहे लोगों का पिन कोड देख लेते थे। इसके बाद मदद करने के नाम पर उनका एटीएम कार्ड लेकर बड़े ही शातिराना तरीके से उसे बदल देते थे। अपने पास रखे हुए एटीएम को मशीन में लगाकर पैसे निकालने का दिखावा करते थे, लेकिन पैसे नहीं निकलने पर कोई न कोई बहाना बताकर वहां से निकल आते थे।
कोतवाल ने बताया कि इसके बाद शातिर उस एटीएम कार्ड से रकम उड़ा लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने कई और घटनाओं का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने जेल भेजने की कार्रवाई की है।
20-20 हजार का घोषित था इनाम
लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले शातिरों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी आरपी सिंह ने 20-20 हजार का इनाम घोषित किया था। तहकीकात में दोनों के नाम प्रकाश में आने पर गिरफ्तारी के लिए इनाम रखा गया था। कोतवाल का कहना है कि आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्ति के बारे में पता लगाया जा रहा है।
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश
पूछताछ में यह बात सामने आई कि पकड़े गए शातिरों का एक गैंग भी है। पुलिस का कहना है कि गैंग में शामिल सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें