सीतापुर। शहर के नवीन गल्ला मंडी में धान की तौल कराने के लिए किसान कई दिनों से ट्रॉली लेकर खड़े हैं, लेकिन त्योहार की वजह से उनके धान की तौल नहीं हो सकी। शुक्रवार को सभी सेंटरों पर तौल शुरू हुई। वहीं उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव यूनियन लिमिटेड के दोनों धान क्रय केंद्रों पर केंद्र प्रभारी गायब रहे। किसानों ने बताया कि तीन दिन से धान तौल के इंतजार में नंबर लगाकर खड़े हुए हैं।
नवीन गल्लामंडी स्थित पीसीयू के दो सेंटरों पर धान तौल के लिए दर्जन भर से अधिक ट्रैक्टर ट्राॅलियां लाइन में खड़ी हैं। धान की तौल नहीं हो पा रही है। इसके चलते किसान परेशान हो रहे हैं। महोली निवासी मनोज ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से दो ट्रॉली धान लेकर खड़े हैं। शुक्रवार सुबह से पीसीयू के दोनों केंद्र प्रभारी गायब हैं। एक प्रभारी सुबह आए थे। बोले थे कि अभी आ रहे हैं, लेकिन सुबह से शाम हो गई वह आए नहीं अभी तक।
इसी तरह से परसेंडी निवासी सुखविंदर ने बताया कि तीन दिनों से ट्रॉली लेकर खड़े हुए हैं, लेकिन अभी तक कोई तौल नहीं हो पाई है। यहां पर न रुकने की व्यवस्था और न पीने के लिए स्वच्छ पानी है। रात हो या दिन मच्छर भी बहुत काटते हैं। अगर ऐसे ही रहा तो यहां पर हम किसान बीमार तक हो जाएंगे। वहीं पीसीएफ और मंडी के सेंटरों पर भी किसानों की ट्रॉलियां खड़ी देखी गईं। किसानों का कहना है कि धान तौल के लिए पिछले तीन दिनों से खड़े हैं।