बिसवां (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में रिश्तेदारी से लौट रहे एक युवक की कुतुबपुर गांव के निकट नहर में ट्रैक्टर पलटने से दबकर शुक्रवार को मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की।
रामपुर कलां थाना क्षेत्र के घैला गांव निवासी रामदास (27) पुत्र बैजनाथ क्षेत्र के ही भुइलाकलां गांव निवासी अपने साढ़ू के शुक्रवार को ट्रैक्टर की ट्रॉली वापस करने गया था। वह ट्रॉली देकर घर लौट रहा था। इसी बीच बिसवां इलाके में कुतुबपुर गांव के निकट स्थित नहर में अचानक उसका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रामदास ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
जानकारी होने पर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रामदास को निकाला, उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में मातम छा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)