झरेखापुर (सीतापुर)। हरगांव वन रेंज में मुमताजपुर के पास ग्रामीणों ने बाघ देखने का दावा किया है। रविवार को खेत में बाघ के पगचिह्न भी मिले हैं जिससे दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की लेकिन बाघ का सुराग नहीं मिला। पिंजरा लगाए जाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। सोमवार को पिंजरा लगाया जा सकता है।
मुमताजपुर निवासी लल्लू ने विगत शुक्रवार को शुभेन्द्र सिंह के खेत में जाते समय बाघ देखा था। लल्लू के मुताबिक डर के मारे वह तुरंत अपने घर लौट गए। इसके बाद शनिवार को बबलू ने गांव के बाहर शीतला मां के मंदिर के पास बाघ देखा। बाघ को रास्ते में देखकर वह घबरा कर शोर मचाते हुए गांव की ओर भाग खड़े हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले ऐलिया ब्लाॅक के अंदौली गांव की एक भैंस पर बाघ ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई थी। वन दरोगा ओमप्रकाश व मुकेश वर्मा के मुताबिक खेत में पगचिह्न पाए गए हैं। कॉम्बिंग की गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।