डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। अब दो बच्चों समेत तीन लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं, हालांकि इनकी हालत खतरे से बाहर है। दोनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि युवक को लखनऊ रेफर किया गया है। इन मरीजों के मिलने के बाद डेंगू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या 28 से बढ़कर 31 हो गई है।
हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोरैया उदनापुर निवासी नीरज के पुत्र विशाल (6) को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। परिवार ने उसे प्राइवेट चिकित्सकों को दिखाया। डॉक्टरों ने जांच कराई, तो डेंगू के लक्षण पाए गए। इस पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर, हरगांव कस्बे के मोहल्ला मुख्य चौराहा निकट निवासी सुरेश का पुत्र देव शंकर अवस्थी (14) भी बुखार से पीड़ित है। जांच में डेंगू के लक्षण मिले। इसके बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इन दोनों मरीजों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। यहां डॉक्टर अस्पताल की पैथोलॉजी रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं रेउसा के अनंतू (30) भी डेंगू की चपेट में हैं।
परिवारीजनों ने उन्हें लखनऊ के आलमबाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों का कहना है कि पैथोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद ही वे कुछ कह सकेंगे कि इन बच्चों को डेंगू है, या नहीं। इससे पहले 28 मरीज डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। इनमें अधिकांश को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। जिले में अब डेंगू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।