सीतापुर शहर के मोहल्ला शास्त्री नगर में शनिवार की सुबह खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के ही तीन लोग झुलस गए। उनको जिला अस्पताल भेजा गया है। दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
बताते हैं कि शहर के शास्त्री नगर निवासी प्रेमशंकर प्रजापति के यहां सुबह खाना बन रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने पर परिवार के लोग दौड़े और फौरन सिलेंडर को घर के बाहर निकाला। जिसके बाद दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाई।
सिलेंडर बाहर फेंकने में परिवार के ही हेमेंद्र, रामेंद्र व उपेंद्र झुलस गए। इन लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अग्निकांड में संपत्ति का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।