सीतापुर में बाढ़ के पानी में डूबने से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत हो गई। एक दूसरे को बचाने में तीनों की जान चली गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। ग्रामीण परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के सीतापुर में चौका नदी के बाढ़ के पानी में डूबने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा शनिवार को सरैया मसूदपुर से चंदेला जाने वाले संपर्क मार्ग पर बनी पुलिया के पास हुआ। तीनों एक ही परिवार के थे। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।
विज्ञापन
सरैया मसूदपुर निवासी सुरेंद्र (40) शनिवार को अपने पुत्र सौरभ (13) और भतीजे शोभित (17) के साथ खेत गए थे। लौटते समय पुलिया के पास सौरभ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बेटे को डूबता देख सुरेंद्र उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। दोनों को डूबता देख शोभित भी बचाने के प्रयास में पानी में चला गया। देखते ही देखते तीनों बाढ़ के पानी में डूब गए।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली
सूचना पर ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। सूचना पर अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी और प्रभारी निरीक्षक मुकेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। सीएचसी रामपुर मथुरा में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा समेत जनप्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।