सीतापुर। थाना रामपुरकलां इलाके में करीब 21 दिन पूर्व गोली मारकर बैंकमित्र की हत्या कर कैश लूटने के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों समेत तीन और बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शनिवार को तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया गया है। पकडे़ गए बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित है। एएसपी साउथ एनपी सिंह ने बताया कि जनपद शाहजहांपुर निवासी दो भाई बब्लू कुमार व गोपाल उर्फ ओबिन्दर तथा जनपद हरदोई निवासी रवि मिश्रा को पुलिस मुठभेड़ में चौधरी स्टेडियम के पास बहद ग्राम कदुंनी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को रोकने पर उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर झोंक दी। जिसके बाद अपने बचाव में पुलिस ने फायर किया। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में बदमाशों को गोली लगी है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 5 मार्च को रामपुर कलां इलाके में गोली मारकर बैंक मित्र की हत्या की वारदात को भी कुबूल किया है। बदमाशों के कब्जे से 28 हजार रुपये, परिवारीजन के आधार कार्ड, परिचय पत्र, एक बैग, एक बाइक तीन अवैध असलहे व 9 कारतूस बरामद किए गए हैं। उपचार के बाद बदमाशों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
ये था घटनाक्रम
पांच मार्च को थाना रामपुरकलां इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने इलाके के ब्रम्हमापुरवा मजरा सरसा निवासी अंबुज से ढाई लाख रुपये लूट लिए थे और विरोध करने पर गोली मार दी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। मृतक बैंक मित्र था। बिसवां इलाके के इटिया शहीद चौराहे पर बैंक ऑफ इंडिया का ग्राहक सेवा केंद्र चलता था। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई थी। एसपी आरपी सिंह ने कुल छह टीमें बना कर घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। बीते सोमवार को ही पुलिस टीम ने मोहल्ला पटखाना थाना शाहाबाद जिला हरदोई निवासी प्रदीप उर्फ सोनू, कंदैला थाना कैसरगंज जनपद बहराइच निवासी मोहम्मद शरीफ उर्फ बाबू को मुठभेड़ के दौरान संडौर से रामपुर कलां जाने वाले मार्ग पर भज्जूपुर चौड़िया बेहड़ तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया था।