कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व गोली मारकर हरदोई के युवक को चाकू से गोदने की घटना के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी हरदोई जिले के हैं। केस दर्जकर सभी को जेल भेज दिया गया है। प्रेम प्रसंग में घटना हुई थी।
कमलापुर इलाके में बीती मंगलवार रात दो बाइकों पर चार लोग सवार होकर मास्टरबाग-भंडिया मार्ग पर बरेठी की ओर जा रहे थे। बरेठी के पास पहुंचने पर देर रात साथ में जा रहे अशोक बहेलिया निवासी इस्माइलपुर कोतवाली देहात का अन्य तीन दोस्तों से बात विवाद हो गया था।
इसके बाद युवक पर चाकू से वार कर गोली मार दी थी, इससे युवक घायल हो गया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायल अशोक की तहरीर पर पुलिस ने हरदोई जिले की शहर कोतवाली इलाके के अमन, हिमांशु, रंजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
एसओ कमलापुर रणवीर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को कम्हरिया पुल के पास से गिरफ्तार किया गया है। तीनों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। बताया कि एक आरोपी की बहन से उसके संबंध थे। इसी को लेकर घटना की गई थी। आरोपियों के कब्जे से असलहा, चाकू, बाइक बरामद हुई है।