कुतुबनगर/सीतापुर। एक खेत में तीन कौवा मृत अवस्था में पाए गए। बर्ड फ्लू की आशंका से ग्रामीण सहमे रहे। इसकी सूचना वन व पशुपालन विभाग को दी गई। दोनों विभाग से टीम ने मौके पर पहुंचकर परीक्षण के बाद कौवों को दफना दिया। आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया है।
ग्राम कुतुबनगर निवासी बिपिन के खेत में रविवार सुबह ग्रामीणों को तीन कौवा मृत मिले। जिससे क्षेत्र में बर्ड फ्लू की आशंका की दहशत रही। ग्रामीणों ने वन विभाग एवं पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। पशु चिकित्सा अधिकारी मिश्रिख डॉ. आरडी त्रिपाठी व किशोरी लाल तथा वन विभाग के वनकर्मी दिलीप मौके पर पहुंचे। इन्हें दो कौवा मृत मिले।
ग्रामीणों ने बताया कि तीन कौवा मृत पड़े थे। एक को जानवर या कुत्ता उठा ले गया। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया, दो ही कौवे मृत मिले है। जिनकी मौत तीन-चार दिन पूर्व हुई है। इनके शरीर में घाव एवं पैर एंठे हुए हैं, हो सकता है अधिक ठंड के कारण या किसी अन्य कारणों से कौवों की मौत हुई है।
इनका अधिकांश मांस व विसरा भी गायब है, जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सकता है। दोनों कौवा को दफना दिया गया है। संबंधित स्थान को सैनिटाइज किया गया है। उन्होंने बताया, क्षेत्र में सभी मुर्गा पालन केंद्रों पर विभाग की निगरानी की जा रही है। ग्रामीण परेशान न हों। अंडा एवं मुर्गा अच्छी तरह पकाने के बाद ही सेवन करें। सोमेश सिंह, प्रदीप सिंह, चंद्र प्रताप सिंह, करन सिंह, पुजारी आदि किसान मौके पर मौजूद रहे।