सीतापुर। शहर के खिलाड़ियों के लिए राहत भरी खबर है। नगरपालिका शहर में तीन बैडमिंटन कोर्ट बनवाएगा। ये तीनों दिवाली से पहले शुरू हो जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को आसानी होगी।
नगर पालिका अध्यक्षा नेहा अवस्थी ने श्यामनाथ मंदिर परिसर में होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में शहर में जल्द बैडमिंटन कोर्ट शुरू करवाने की घोषणा की थी। इस पर नगरपालिका ने तत्काल अमल शुरू कर दिया। दो कोर्ट बनकर तैयार भी हो गए हैं। एक कोर्ट विजयलक्ष्मी नगर मोहल्ले के गोल पार्क में बनाया गया है।
वहीं, दूसरा सरोजनी वाटिका पार्क के अंदर मंदिर के सामने तैयार हो चुका है। तीसरा बैंडमिटन कोर्ट महावीर उद्यान पार्क में बनाया जाएगा। यहां पर खिलाड़ियों के लिए बैठने की भी व्यवस्था होगी। साथ ही वह दिन व रात किसी भी समय बैडमिंटन खेल सकेंगे। बिजली की भी व्यवस्था की गई है। ईओ वैभव त्रिपाठी ने बताया कि बैडमिंटन लगभग बनकर तैयार हो गए हैं।
बेहतर होंगी सुविधाएं
शहर में तीन बैडमिंटन कोर्ट दिवाली से पहले शुरू हो जाएंगे। नगरपालिका की तरफ से खेल प्रेमियों को सभी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।
नेहा अवस्थी, नगरपालिका अध्यक्षा