सीतापुर। कोतवाली देहात इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर चौकीदारी करने वाले व्यक्ति ने दो लोगों पर जेसीबी से बैट्री चोरी करने के दौरान टोकने पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली देहात इलाके के गांव शाहपुर दलावल निवासी बंदू का कहना है कि नैपालापुर के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे पर वह चौकीदारी करता है। उसके मुताबिक, 28 फरवरी की रात वह चौकीदारी पर था, इस बीच वहां पर खड़ी जेसीबी से दो लोग बैट्री खोलते दिखे। वह शराब के नशे में थे।
टोकने पर विवाद करने लगे और कुछ देर बाद आने की धमकी देकर चले गए। चौकीदार का कहना है कि करीब आधे घंटे बाद वह दोनों लोग आ गए और उसे असलहा लेकर दौड़ा लिया। चौकीदार के मुताबिक, वह जान बचाकर भागा।
आरोप है कि, इस पर दोनों लोगों ने उसे दौड़ा लिया और फायर कर दिया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया, इससे वह बाल-बाल बच गया। चौकीदार ने दोनों लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर कोतवाली देहात पुलिस को दे दी है। वहीं इस बारे में सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। कोतवाली देहात पुलिस से जानकारी कर मामले में जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।