सीतापुर। शहर की वीआईपी कॉलोनी में दो पुलिस कर्मियों की निगहबानी वाले एक मकान को निशाना बनाते हुए बेखौफ चोरों ने करीब दस लाख का माल पार कर दिया। गृह स्वामिनी खाली पड़े मकान का जायजा लेने शुक्रवार को पहुंची तब इस दुस्साहसिक वारदात का पता चला।
दरअसल, इसी मकान के सामने दो साल पहले दाल व्यवसायी और उसकी पत्नी व बेटे को बदमाशों ने सरेशाम लूट के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। इस परिवार में बची व्यवसायी की दो बेटियां अब बाहर रहती हैं। सुरक्षा के लिहाज से मकान पर दो पुलिस कर्मी हर वक्त तैनात रहते हैं।
शहर का मोहल्ला सिविल लाइंस पॉश एरिया माना जाता है। यहां रहने वाले दाल व्यवसायी सुनील जायसवाल की लूट के इरादे से 6 जून 2017 की शाम बदमाशों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वह दुकान से बिक्री की रकम लेकर घर आए थे। गोलियों की आवाज सुन सुनील की पत्नी व बेटा भी घर से बाहर निकल आए।
इस पर बदमाशों ने गोलियां बरसाकर उन्हें भी मौत के घाट उतार दिया। बदमाश रुपयों का बैग लेकर भाग गए थे। इस मामले में पुलिस ने कई बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात के खुलासे का दावा भी किया था। इस परिवार की दो बेटियां बाहर रहने के चलते बच गई थीं। तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने दो पुलिस कर्मियों को मकान की सुरक्षा के लिए तैनात कर दिया था।
इस परिवार की छोटी बेटी शिवानी जब शुक्रवार को घर आई तो घटना की जानकारी हुई। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर घर के पीछे से छत पर चढ़कर भीतर दाखिल हुए और जेवर समेत सारा माल बटोर ले गए। शिवानी के मुताबिक करीब सात लाख के जेवर, मकान के कागज, दो टीवी, सीसीटीवी, डीबीआर सहित लगभग दस लाख की सम्पत्ति चोर ले गए हैं।
शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी पुलिस लाइन से लगाई जाती है। वह मकान के सामने रहते हैं। चोर पीछे से पहुंचे थे। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े ताला तोड़कर लाखों की चोरी
लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र के लालपुर बाजार भगौती चौराहे पर स्थित खाली पड़े आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर का ताला तोड़कर चोर हजारों की नगदी समेत करीब दो लाख की सम्पत्ति बटोर ले गए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का बेटा घर आया तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस पड़ताल कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरन देवी घर में अकेली रहती हैं।
किरन का लड़का राजीव मिश्र लखनऊ में नौकरी करता है। शुक्रवार को किरन विभागीय काम से गई थीं। घर खाली पाकर चोरों ने पहले मेन गेट का ताला तोड़ा फिर कमरे का ताला तोड़कर 50 हजार की नगदी, जेवर, बर्तन आदि करीब दो लाख का माल पार कर दिया। दोपहर में राजीव लखनऊ से घर आया तब घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है।
तीन घरों से पार किया लाखों का सामान
सेवता। थानाक्षेत्र रेउसा के कस्बा सेवता में तीन घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। कस्बा निवासी फुरकान के घर पीछे की दीवार फांदकर पहुंचे चोर आठ हजार रुपये की नगदी समेत जेवर व अन्य सामान उठा ले गए।
इसके बाद पड़ोस के मो. आजम के घर से सात हजार की नगदी व अनाज तथा अजमेर अली के घर पीछे लगी लोहे की जाली निकालकर पहुंचे चोरों ने 30 हजार रुपये की नगदी, जेवर व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी नोवेन्द्र सिंह सिरोही ने बताया कि जांच की जा रही है।