नेशनल हाइवे पर बिजवार के पास पलटा पड़े ट्रक को हाइवे से किनारे करती क्रेन। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
झरेखापुर (सीतापुर)। कोतवाली देहात इलाके में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक अधेड़ की जान चली गई। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गया। इससे ट्रक के नीचे दबकर एक अधेड़ की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एक घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाकर यातायात बहाल कराया।
कोतवाली देहात इलाके में मंगलवार को बिजवार क्रॉसिंग के पास लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक ट्रक में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद ट्रक बेकाबू हो गया और डिवाइडर पर चढ़कर सड़क की दूसरी ओर पलट गया। हादसे के समय सड़क के दूसरी ओर खड़े कोतवाली देहात इलाके के बिजवार खुर्द निवासी जगदीश (50) ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
ट्रक की चपेट में आने से जगदीश गंभीर रूप से घायल हो चुका था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार भी घायल हो गया है। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हाईवे पर ट्रक पलटने की वजह से काफी देर तक जाम लग गया।
ट्रक में धान के बोरे थे। ट्रक के साथ सड़क पर बोरे भी पलट गए, इससे जाम की स्थिति और पैदा हो गई। सूचना पाकर कोतवाली देहात की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक बहाल कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बीच सड़क पर पड़े ट्रक को सीधा किया। आसपास के लोगों की मदद से बोरों को हटवाया गया। इसके बाद ट्रैफिक सुचारु रूप से चालू हो सका। करीब एक घंटे से अधिक समय तक सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
बाइक को टक्कर मारकर ट्रक पलट गया। इससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रक पलटने से उसमें भरे धान के बोरे सड़क पर बिखर गए थे, इससे जाम लग गया था। यातायात बहाल कराया गया। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। कार्रवाई की जा रही है।
अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली देहात