फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: महिला के सामने से बकरी को दबोच ले गया बाघ

Tue, 29 Jul 2025 11:56 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
ग्रामीणों को जागरूक वन विभाग के अफसर।
विज्ञापन
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। खेत में बकरी चरा रही एक महिला के सामने से मंगलवार को बाघ बकरी को दबोच ले गया। शोर सुनकर जब तक ग्रामीण वहां पहुंचते, बाघ गन्ने के खेत से होकर भाग निकला। मंगलवार सुबह एक ग्रामीण बाघ को देखकर झाड़ियों में छिप गया और मोबाइल में उसकी तस्वीर कैद कर ली। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कॉम्बिंग कर ग्रामीणों को सतर्क किया।
विज्ञापन

वन विभाग हरगांव रेंज के रोजहा गांव निवासी गेंदन की पत्नी मंगलवार दोपहर बाद गन्ने के खेत के किनारे बकरियां चरा रही थीं। महिला के मुताबिक इसी दौरान बकरी पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया और उसे खेत में दबोच ले गया। यह देख उन्होंने शोर मचाया तो आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे लेकिन तब तक बाघ गन्ने के खेत से होकर भाग चुका था।
बाघ के हमले की सूचना पर वन दरोगा गुरदयाल टीम सहित मौके पर पहुंचे और कॉम्बिंग की। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क किया। उधर, रोजहा निवासी रामनिवास ने मंगलवार सुबह गांव के दक्षिण गैर आबाद गांव कोड़री से रोजहा जाने वाले मार्ग पर बाघ को देखने का दावा किया है। रामनिवास ने बताया कि सुबह वह बकरी चराने गए थे। इसी दौरान बाघ दिखा। उन्होंने झाड़ियों से छिपकर मोबाइल से बाघ की फोटो खींच ली और गांव जाकर ग्रामीणों को फोटो दिखाई। बाघ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी गई तथा मोबाइल से खींचा फोटो भी विभागीय अधिकारियों को मुहैया कराया गया।
विज्ञापन


सोमवार को लगाया गया था पिंजरा
बता दें कि बुधवार को अटरिया निवासी जगदीश की भैंस पर बाघ ने हमला किया था। रेंजर ने मौके पर पहुंचकर भैंस पर हमले के निशानों को देखकर बाघ की आशंका जताई थी। इसके बाद सोमवार को अटरिया में पिंजरा लगाया गया था। मंगलवार को बाघ देखने और फोटो के संबंध में रेंजर हरगांव बीनू पाल ने बताया कि बाघ के मौजूद होने की आशंका है, जिस जगह की फोटो है वह जंगली क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि सोमवार को पिंजरा लगाया गया है। जल्द बाघ पिंजरे में होगा।
विज्ञापन




जंगली जानवर के हमलाें पर एक नजर
-एक नवंबर 2016 को कौरेय्या उदयपुर में लोहे के पंजे में फंसे तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ा।
- चार दिसंबर 2024 को रोजहा में किसान ने बाघ देखा, वीडियो बनाया।
- 27 दिसंबर 2024 को रोजहा के शिवपूजन की झोपड़ी में बंधे गोवंश को बाघ ने निवाला बनाया।
- 29 दिसंबर 2024 को ढोलई निवासी कमलेश की भैंस पर बाघ ने हमला किया।
- दो जनवरी 2025 को पिपरी में गन्ना छील रहे किसान पर बाघ ने हमला किया।
- 31 जनवरी 2025 को ढोलई में वनरोज को बाघ ने निवाला बनाया।
- 13 फरवरी 2025 को रामविलास पुरवा में बाघ ने गोवंश को निशाना बनाया।
- दो मार्च 2025 को रामविलास पुरवा में बाघ ने गोवंश का शिकार किया।
- सात अप्रैल 2025 को रामविलास पुरवा में चरने गई छत्रपाल की भैंस पर बाघ हमलावर हुआ।
- गत बुधवार को अटरिया निवासी जगदीश की भैंस पर बाघ ने हमला किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें