सीतापुर। थानगांव में फंदे से लटके मिले छात्र रवि गौतम की हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कुछ ऐसा ही इशारा किया है। यह खबर पता चलते ही मंगलवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। देर रात तक हंगामा होता रहा, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए। पुलिस व जनप्रतिनिधि के समझाने के बाद बुधवार भोर अंतिम संस्कार हो सका।
जबरपुरवा मजरा ग्वारी निवासी कक्षा छह के छात्र रवि गौतम (15) सोमवार को दिन में चार बजे घर से निकला था। उसका शव ग्राम सभा सरैया भटपुरवा के एक चकमार्ग पर लगे पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। रवि की मां राजकुमारी ने बताया किसी मौर्या को वह कच्चे आम देने गया था।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सूत्रों की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रवि की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। इस बात की जानकारी जब परिजनों को हुई तो उन्होंने गांव पहुंचते ही शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
इसकी सूचना पाकर थोड़ी ही देर में आसपास थानों की फोर्स पहुंच गई। सीओ महमूदाबाद और सेवता विधायक ज्ञान तिवारी भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने विधायक को बताया कि जब युवक का शव मिला था, तब पुलिस ने परिजनों के साथ अभद्रता की थी।
घटना के बाद भी पुलिस एक्टिव नहीं दिखी। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष अतुल शुक्ला ने बताया कि छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। तहरीर के आधार पर गांव निवासी छैलू उर्फ सामून पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई है। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।